मथुरा में दिवाली पर धमाके की धमकी के बाद हाई अलर्ट, जंक्शन से मंदिरों तक सुरक्षा कड़ी; ट्रेनों में सघन चेकिंग
मथुरा। दीपावली से पहले अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों तथा स्कूलों को बम धमाकों से निशाना बनाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद मथुरा में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने रेलवे स्टेशन, प्रमुख मंदिरों, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। मथुरा जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमें संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही हैं।
जंक्शन के प्रवेश और निकास द्वारों, प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालयों में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की जांच की जा रही है। ट्रेनों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर की निगरानी की जा रही है।
धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। एसएसपी श्लोक कुमार ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों, होटलों, गेस्ट हाउस और संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस चेकिंग कर रही है।
मथुरा के नगर आयुक्त की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला संदेश मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद नगर निगम कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाई गई है। साइबर क्राइम टीम, एलआईयू, स्वाट और एसओजी को ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए सक्रिय किया गया है।
फिलहाल धमकी की सत्यता और इसके पीछे शामिल लोगों के बारे में जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और अपुष्ट संदेशों या अफवाहों को साझा न करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)