रोजगार में आवागमन बना महिलाओं के लिए बाधा, महंगे सफर और सुरक्षा की चिंता से सीमित हो रहे अवसर

Friday, October 30, 2026 - 13:34
0
रोजगार में आवागमन बना महिलाओं के लिए बाधा, महंगे सफर और सुरक्षा की चिंता से सीमित हो रहे अवसर

नई दिल्ली। महिलाओं के रोजगार में केवल नौकरी की उपलब्धता ही नहीं, बल्कि कार्यस्थल तक पहुंचना भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। भारतीय रिजर्व बैंक की आर्थिक समीक्षा में राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि महंगा परिवहन, लंबी दूरी, घरेलू जिम्मेदारियां और सुरक्षा संबंधी चिंताएं महिलाओं की रोजगार तक पहुंच को प्रभावित करती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कामकाजी महिलाओं में केवल 41.9 प्रतिशत ही नौकरी के लिए कम से कम एक किलोमीटर की यात्रा करती हैं, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 61.9 प्रतिशत है।

राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण 2025-26 के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और पुरुषों के बीच यह अंतर और अधिक दिखाई देता है। ग्रामीण इलाकों में 37.7 प्रतिशत महिला कामगार ही काम के लिए एक किलोमीटर या उससे अधिक की यात्रा करती हैं, जबकि पुरुषों में यह अनुपात 59.6 प्रतिशत है। सर्वेक्षण के अनुसार, काम पर आने-जाने के लिए शहरी कामगार औसतन 1,044 रुपये प्रतिमाह खर्च करते हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह खर्च 612 रुपये है। महिलाओं का औसत मासिक यात्रा खर्च पुरुषों की तुलना में कम है, लेकिन यह रोजगार तक उनकी पहुंच में आने वाली आर्थिक और सामाजिक बाधाओं को भी दर्शाता है।

रिपोर्ट में सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता को महिलाओं की रोजगार संबंधी भागीदारी के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। तमिलनाडु की विदियाल पयनम, कर्नाटक की शक्ति, आंध्र प्रदेश की स्त्री शक्ति, केरल की प्रियदर्शिनी और तेलंगाना की महालक्ष्मी जैसी योजनाओं के तहत महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इससे नौकरी की तलाश करने और पहले से कार्यरत महिलाओं को रोजगार जारी रखने में मदद मिल सकती है।

सर्वेक्षण के आंकड़े यह भी बताते हैं कि काम पर जाने के लिए दोपहिया वाहन सबसे अधिक इस्तेमाल किया जाने वाला साधन है। कुल कामगारों में 42.6 प्रतिशत दोपहिया वाहनों का उपयोग करते हैं, जबकि बस से यात्रा करने वालों का अनुपात 6.7 प्रतिशत है। शहरी क्षेत्रों में बसों का इस्तेमाल करने वाली महिला कामगारों की हिस्सेदारी पुरुषों की तुलना में अधिक है। ऐसे में सुरक्षित, सस्ता और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User