देहरादून में भीषण सड़क हादसा: कार पर पलटा तेज रफ्तार कंटेनर, सहारनपुर के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में बुधवार को भीषण सड़क हादसे में सहारनपुर के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा घायल हो गया। साईं मंदिर के पास खाद से लदा एक अनियंत्रित ट्राला कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर की गोकुल धाम कॉलोनी निवासी विश्वेष कपूर अपने परिवार के साथ देहरादून में रहने वाले छोटे भाई के घर जा रहे थे। इसी दौरान मोहब्बेवाला इलाके में उनकी कार ट्राले की चपेट में आ गई। हादसे में विश्वेष कपूर, उनकी मां किरण कपूर, पत्नी निशा आनंद कपूर और कार चालक नीरज की मौत हो गई। वहीं परिवार का छह वर्षीय बच्चा माहेर कपूर घायल हो गया।
ट्राला कार के ऊपर पलटने से वाहन बुरी तरह दब गया था। राहत एवं बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)