भारत को हाइलो ओपन में दोहरी खुशी: पीवी सिंधू के बाद लक्ष्य सेन भी बने चैंपियन
*नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन के लिए रविवार का दिन शानदार रहा। जर्मनी के सारब्रुकेन में आयोजित हाइलो ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में पीवी सिंधू के बाद लक्ष्य सेन ने भी पुरुष एकल का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने इंडोनेशिया के चौथी वरीयता प्राप्त जोनाथन क्रिस्टी को सीधे गेम में 21-17, 21-10 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
दुनिया के आठवें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने पहले गेम में क्रिस्टी को कड़ी टक्कर दी। दोनों के बीच मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन अहम अंकों पर लक्ष्य ने बेहतर खेल दिखाते हुए 21-17 से गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भारतीय शटलर ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और क्रिस्टी को वापसी का मौका नहीं दिया। लक्ष्य ने यह गेम 21-10 से जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
इस जीत के साथ लक्ष्य सेन ने 2026 का अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब हासिल किया। इससे पहले वह इस साल ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें उपविजेता रहना पड़ा था। हाइलो ओपन का यह खिताब उनके लिए सीजन की बड़ी उपलब्धि है।
इससे पहले दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने महिला एकल के फाइनल में डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट को 21-12, 21-14 से हराया था। सिंधू ने महज 39 मिनट में मुकाबला जीतकर 2026 का अपना दूसरा बीडब्ल्यूएफ खिताब हासिल किया। इस तरह भारत ने टूर्नामेंट के दोनों एकल वर्गों में चैंपियन बनकर दोहरी सफलता दर्ज की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)