रैली से गैरहाजिरी पर यूथ कांग्रेस की कार्रवाई, 215 पदाधिकारी निलंबित; मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा गिरी गाज

Thursday, November 5, 2026 - 17:08
0
रैली से गैरहाजिरी पर यूथ कांग्रेस की कार्रवाई, 215 पदाधिकारी निलंबित; मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा गिरी गाज

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित विपक्षी गठबंधन INDIA की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली से अनुपस्थित रहना यूथ कांग्रेस के 215 पदाधिकारियों को भारी पड़ा है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक अनुशासनहीनता का हवाला देते हुए सात राज्यों और उत्तर प्रदेश की केंद्रीय इकाई के पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबन अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

कार्रवाई के तहत मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा 60 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। इनमें नौ जिलाध्यक्ष, पांच प्रदेश उपाध्यक्ष, 14 महासचिव और 32 प्रदेश सचिव शामिल हैं। गुजरात में 49, झारखंड में 32, पश्चिम बंगाल में 26, तेलंगाना में 14, हिमाचल प्रदेश में 13, उत्तर प्रदेश की केंद्रीय इकाई में 11 और हरियाणा में 10 पदाधिकारियों पर कार्रवाई हुई है।

रैली से पहले युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया था। उपस्थिति दर्ज करने के लिए संगठन ने मोबाइल एप और बारकोड स्कैनिंग की व्यवस्था भी की थी। इसके बावजूद कई पदाधिकारी निर्धारित कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। राष्ट्रीय नेतृत्व ने इसे संगठन के निर्देशों की अवहेलना मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की।

हालांकि, कार्रवाई से संगठन के भीतर असंतोष भी सामने आया है। कुछ निलंबित पदाधिकारियों ने निजी कारणों से रैली में शामिल नहीं हो पाने की बात कही है। मध्य प्रदेश के एक पदाधिकारी ने दावा किया कि वह अपने चाचा के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के कारण दिल्ली नहीं पहुंच सके और उन्होंने इसकी जानकारी नेतृत्व को पहले ही दे दी थी।

बताया जा रहा है कि निलंबित पदाधिकारियों से अनुपस्थिति का स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संगठन के निर्देशों का पालन करने और जमीनी स्तर पर सक्रियता दिखाने के बाद उनकी बहाली पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल, निलंबन अगले आदेश तक जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User