काशी में MLC चुनाव की जीत से उत्साहित अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- 2027 में लौटाएंगे बनारस का गौरव

Wednesday, November 4, 2026 - 19:16
0
काशी में MLC चुनाव की जीत से उत्साहित अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- 2027 में लौटाएंगे बनारस का गौरव

लखनऊ। वाराणसी विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने काशी के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से पार्टी के दोनों प्रत्याशियों आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव को ऐतिहासिक जीत मिली है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि काशी ने डबल इंजन सरकार को डबल जीरो कर दिया है।

अखिलेश यादव ने सपा की जीत के पीछे कई स्थानीय मुद्दों को अहम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मणिकर्णिका घाट पर हुई कार्रवाई, अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा के कथित अपमान, शंकराचार्य से जुड़े विवाद और पाल समाज पर लाठीचार्ज जैसी घटनाओं से लोगों में नाराजगी थी। उन्होंने दालमंडी में हुई कार्रवाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इन घटनाओं का जवाब मतदाताओं ने चुनाव में दिया है।

सपा प्रमुख ने बनारस के बुनकरों, नाविकों और हस्तशिल्प से जुड़े कारोबारियों की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों और कमीशनखोरी के कारण छोटे कारोबारियों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है। उनका कहना था कि शहर के विकास कार्यों का लाभ स्थानीय लोगों तक नहीं पहुंचा और बाहरी ठेकेदारों को प्राथमिकता दी गई। क्योटो मॉडल का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज किया कि काशी को क्योटो तो नहीं बनाया गया, बल्कि शहर की पुरानी पहचान भी प्रभावित हुई है।

गंगा और नमामि गंगे परियोजना को लेकर भी अखिलेश ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गंगा की सफाई के नाम पर खर्च किए गए बजट का अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने भाजपा पर बनारस के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में काशी भाजपा की उदासी का कारण बनेगी।

वाराणसी में मेट्रो निर्माण का किया वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए मेट्रो का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने विरासत के संरक्षण और आधुनिक विकास को साथ लेकर चलने की बात कही। उनका कहना था कि काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक तकनीक के जरिए शहर का विकास किया जाएगा।

गौरतलब है कि वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को 19,932 मतों से हराया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के लाल बिहारी यादव ने भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा को पराजित किया। दोनों सीटों पर जीत के बाद अखिलेश यादव ने इसे आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए उत्साहजनक राजनीतिक संदेश बताया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User