अकराबाद में कंटेनर से टकराई सवारियों से भरी बस, आठ माह के मासूम की मौत; 16 यात्री घायल
अलीगढ़। अकराबाद थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर सोमवार देर रात सवारियों से भरी एक निजी बस आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। खेड़ा नारायन सिंह गांव के पास हुए इस हादसे में आठ माह के मासूम की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बस कौशांबी से सवारियां लेकर फर्रुखाबाद जा रही थी। सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि करीब ढाई बजे रोहिना सिंहपुर गांव के पास बस किसी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे कंटेनर से जा टकराई। टक्कर के कारण बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में घायल यात्रियों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां आठ माह के साहिल पुत्र जफर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले और राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल बस परिवहन निगम की बस जैसी रंगी हुई थी, लेकिन वह निजी बस थी। बस पर कौशांबी और उत्तर प्रदेश लिखा हुआ था। पुलिस ने बस को थाने में खड़ा करा दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह के अनुसार, मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)