अमेरिका के इलिनोइस में बुलंदशहर की सबा हैदर ने दर्ज की जीत, 84वें डिस्ट्रिक्ट से बनीं स्टेट रिप्रेजेंटेटिव
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद कस्बे की रहने वाली सबा हैदर ने अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में जीत हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने इलिनोइस राज्य के 84वें डिस्ट्रिक्ट से स्टेट हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का चुनाव जीत लिया। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार सबा को करीब 71 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कोपा को लगभग 29 प्रतिशत मत प्राप्त हुए।
उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के अनुसार, सबा हैदर को 22,032 वोट मिले, जबकि ब्रायन स्कोपा को 8,906 मत प्राप्त हुए। इस तरह सबा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। 84वें डिस्ट्रिक्ट में ऑरोरा, ओस्वेगो, नेपरविल और मोंटगोमरी जैसे इलाके शामिल हैं। यह सीट पहले डेमोक्रेटिक पार्टी के पास थी, लेकिन मौजूदा प्रतिनिधि स्टेफनी किफोविट ने दोबारा चुनाव नहीं लड़ा था।
सबा हैदर मूल रूप से बुलंदशहर के औरंगाबाद कस्बे की रहने वाली हैं। वह करीब 20 वर्षों से अपने परिवार के साथ अमेरिका के इलिनोइस में रह रही हैं। राजनीति में सक्रिय होने से पहले वह स्थानीय स्तर पर सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों से जुड़ी रहीं। वह ड्यूपेज काउंटी हेल्थ डिपार्टमेंट के बोर्ड ऑफ हेल्थ की सदस्य के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
सबा की जीत की खबर से उनके पैतृक कस्बे औरंगाबाद में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि बताया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)