वोट चोरी के आरोपों के बीच अखिलेश यादव की मांग, मतदान के दिन सभी दलों और प्रत्याशियों को मिले बूथों का लाइव CCTV लिंक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग के सामने नई मांग रखी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मांग की है कि मतदान के दिन सभी पोलिंग बूथों की वेबकास्टिंग का लाइव लिंक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को भी उपलब्ध कराया जाए।
इस संबंध में सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों के करीब 1.70 लाख मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, मौजूदा व्यवस्था में वेबकास्टिंग का लिंक मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारियों को ही उपलब्ध कराया जाता है।
सपा का कहना है कि राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को भी यह लिंक दिया जाना चाहिए, ताकि वे मतदान के दौरान बूथों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रख सकें और किसी भी कथित गड़बड़ी की जानकारी समय रहते मिल सके। पार्टी ने अपने ज्ञापन में इस व्यवस्था को लोकतांत्रिक और पारदर्शी चुनाव के लिए जरूरी बताया है।
सपा ने अपने ज्ञापन में 2024 में उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव और 2025 के मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान कथित बूथ कैप्चरिंग, फर्जी मतदान और मतदाताओं को वोट डालने से रोकने जैसी घटनाओं का भी उल्लेख किया। पार्टी का आरोप है कि ऐसी घटनाओं को रोकने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए वेबकास्टिंग की निगरानी का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग के जरिए चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करता है। आयोग ने पहले इस तरह के वीडियो फुटेज को सार्वजनिक रूप से साझा करने पर मतदाताओं की निजता और मतदान की गोपनीयता से जुड़े सवाल उठाए हैं। ऐसे में सपा की मांग पर आयोग का रुख महत्वपूर्ण होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)