दिवाली से पहले आगरा में खाद्य विभाग की कार्रवाई, 40 लीटर सरसों का तेल सीज; 13 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
आगरा। दीपावली से पहले मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में टीम ने किशोरपुरा स्थित एक तेल मिल से 40 लीटर सरसों का तेल सीज कर दिया। मिलावट की आशंका पर तेल का नमूना भी लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय महेंद्र श्रीवास्तव के अनुसार, टीम ने किशोरपुरा में कमल कुमार की तेल मिल का निरीक्षण किया। यहां ड्रम में रखा करीब 40 लीटर सरसों का तेल संदिग्ध प्रतीत होने पर सीज कर दिया गया। इसके अलावा पास की आटा चक्की से बेसन, बेलनगंज से मिश्रित दूध और जीवनी मंडी स्थित चीनी खिलौना निर्माण इकाई से चीनी के खिलौने का नमूना लिया गया।
अभियान के दौरान फतेहाबाद स्थित पेंगोरिया स्वीट्स एंड फास्ट फूड से खोया और छैना रसगुल्ला, अनिल घेवर वाले से मिल्क केक और बर्फी के नमूने लिए गए। वहीं अग्रवाल भोजनालय से पकी हुई अरहर की दाल और सोयाबीन रिफाइंड तेल, जीवनी मंडी की एक स्वीट शॉप से बेसन के लड्डू, प्रेम हलवाई से खोया बर्फी और एक दूध विक्रेता से दूध का नमूना भी संग्रहित किया गया।
खाद्य विभाग की टीम ने इस अभियान में कुल 13 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)