मथुरा में रफ्तार का कहर: हाईवे से खेत में घुसी बेकाबू कार, बाबा, बेटे और नाती की मौत; ग्रामीणों ने लगाया जाम
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में गुरुवार सुबह मथुरा-बरेली हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की मौत हो गई। राया थाना क्षेत्र के गांव गज्जू के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे से उतरकर खेत में जा घुसी और वहां काम कर रहे बाबा, उनके बेटे और नाती को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक भी घायल हो गया।
मृतकों की पहचान गांव निवासी जवाहर सिंह (70), उनके बेटे हमवीर सिंह (42) और नाती अंकित सिंह (24) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे तीनों अपने खेत में पूर्वजों की समाधि के लिए स्थान बनवाने और उससे जुड़ा काम कर रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी और तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल कार चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक फैल गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और कार्रवाई व सहायता की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)