वृंदावन: बांके बिहारी मंदिर की LED स्क्रीन पर चली वेब सीरीज, वीडियो वायरल होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी
वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को ठाकुरजी के लाइव दर्शन कराने के लिए लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर वेब सीरीज प्रसारित होने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोस्वामी समाज और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। सेवायतों ने मंदिर की व्यवस्थाओं और स्क्रीन की निगरानी को लेकर सवाल उठाए हैं।
बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में जगमोहन के दाईं ओर लगी एलईडी स्क्रीन पर लाइव दर्शन के स्थान पर अचानक वेब सीरीज के दृश्य प्रसारित होने लगे। मामला सामने आने के बाद स्क्रीन को बंद कराया गया। इस घटना को मंदिर की गरिमा और व्यवस्थाओं से जुड़ी गंभीर चूक बताते हुए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की जा रही है।
मंदिर सेवायत एवं हाईपावर कमेटी के सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले मंदिर के बाहर लगी स्क्रीन पर फिल्मी गाने प्रसारित होने का मामला सामने आया था और अब परिसर के अंदर भी ऐसी घटना हुई है। उन्होंने कहा कि यदि एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था और निगरानी ठीक से नहीं हो पा रही है तो लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए दर्शन की व्यवस्था बंद कर देनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
इससे पहले मंदिर मार्ग के आसपास लगी एक अन्य एलईडी स्क्रीन पर फिल्मी गाने प्रसारित होने का मामला भी सामने आया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद स्क्रीन संचालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)