केरल: ‘12 साल बाद कर्मचारियों की याद आई?’ पीएम मोदी पर बरसे पिनाराई विजयन, बोले- यह राजनीतिक नौटंकी
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीआई (एम) नेता पिनाराई विजयन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक नीतियों और कॉरपोरेट जगत को लेकर दिए गए हालिया बयान पर निशाना साधा है। विजयन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में बड़े उद्योगपतियों और कंपनियों को टैक्स में कटौती सहित कई रियायतें दीं, लेकिन आम कर्मचारियों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से अब कंपनियों से वेतन बढ़ाने और रोजगार देने की अपील को राजनीतिक नौटंकी करार दिया।
विजयन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री अब कंपनियों से सवाल कर रहे हैं कि टैक्स में राहत और अन्य सुविधाएं मिलने के बावजूद उन्होंने कर्मचारियों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ाई और नए रोजगार क्यों नहीं दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कॉरपोरेट कंपनियों का मुनाफा बढ़ रहा था और आम लोग स्थिर वेतन तथा बढ़ती महंगाई से जूझ रहे थे, तब सरकार को कर्मचारियों की चिंता क्यों नहीं हुई।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में फिक्की के वार्षिक सम्मेलन में उद्योग जगत को संबोधित करते हुए कहा था कि सरकार ने कारोबार को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कॉरपोरेट टैक्स की दर 2014 में 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किए जाने और अन्य कर रियायतों का जिक्र किया। साथ ही उद्योगपतियों से पूछा कि इन सुविधाओं के बावजूद कंपनियों ने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए क्या कदम उठाए हैं।
विजयन ने प्रधानमंत्री के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता देने वाली आर्थिक व्यवस्था बनाने के बाद अब जिम्मेदारी से बचने के लिए कंपनियों से सवाल करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों की आय और खर्च के बीच बढ़ते अंतर पर सरकार ने पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।
इस बयान के बाद केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, कॉरपोरेट टैक्स में छूट और रोजगार सृजन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)