मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन की मौत और 33 घायल
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 36 लोग सवार थे। सभी सागर जिले की बांदरी तहसील के गढ़ौला गोसाईं गांव के निवासी थे। वे नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट पर नर्मदा नदी में स्नान और पूजा-अर्चना करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गौरझामर थाना क्षेत्र की नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में कई यात्री ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ लोग सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को बेहतर उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान राकेश यादव, रक्षा प्रजापति और प्रेमरानी यादव के रूप में हुई है। तीनों मृतक और घायल एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वाहन किसी अन्य वाहन से टकराने के बाद पलटा या दुर्घटना की कोई दूसरी वजह थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)