यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मतदाता सूची सुधार का विशेष अभियान, बूथों पर पहुंचे बीएलओ; नाम जोड़ने और संशोधन का मिला मौका

Sunday, November 22, 2026 - 23:41
0
यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मतदाता सूची सुधार का विशेष अभियान, बूथों पर पहुंचे बीएलओ; नाम जोड़ने और संशोधन का मिला मौका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूचियों को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए रविवार को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची और आवश्यक आवेदन फॉर्म के साथ मौजूद रहे। इस दौरान नागरिकों को अपना और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जांचने तथा आवश्यक सुधार कराने का अवसर मिला।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के निर्देश पर आयोजित अभियान के दौरान बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहे। नागरिकों की सहायता के लिए बूथों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई। अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन फॉर्म की उपलब्धता और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया का जायजा लिया।

अभियान के तहत मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और पहले से दर्ज विवरण में संशोधन अथवा पते के स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 की व्यवस्था की गई। निर्वाचन विभाग ने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं सहित उन पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर जोर दिया, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। इसके अलावा 28 और 29 नवंबर को भी प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय रखा गया है।

निर्वाचन अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User