मुंबई: चार मंजिला इमारत में लगी आग, दो बच्चों समेत आठ लोगों का रेस्क्यू; दमकल अधिकारी घायल
दक्षिण मुंबई के मुंबई सेंट्रल इलाके में रविवार देर रात एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई। हादसे के दौरान इमारत में फंसे दो बच्चों समेत आठ लोगों को दमकलकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने और बचाव अभियान के दौरान दमकल विभाग का एक वरिष्ठ अधिकारी भी घायल हो गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 5:05 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, आग गिल्डर लेन स्थित हीरा मंजिल की दूसरी मंजिल के एक कमरे में रात करीब 12:07 बजे लगी। आग की गंभीरता को देखते हुए इसे पहले लेवल-1 और बाद में लेवल-2 श्रेणी में रखा गया। तीसरी मंजिल पर फंसे एक पुरुष और दो महिलाओं को टर्नटेबल सीढ़ी की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं, पहली मंजिल पर फंसी एक बुजुर्ग महिला और चौथी मंजिल के कमरे में मौजूद चार अन्य लोगों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर लाया गया।
बचाव अभियान के दौरान एक वरिष्ठ स्टेशन अधिकारी की दाहिनी हथेली में चोट लग गई। उन्हें नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, घबराहट के कारण परेशानी महसूस करने वाली बुजुर्ग महिला को भी अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद उन्हें भी छुट्टी मिल गई।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग दूसरी मंजिल के कमरे तक सीमित रही। इसकी चपेट में बिजली की वायरिंग और उपकरण, लकड़ी का फर्नीचर, अलमारियां, बेड, दरवाजे, खिड़कियां, एसी, टीवी और अन्य घरेलू सामान आ गया। इमारत के पास पेट्रोल पंप होने के कारण दमकलकर्मियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। संपत्ति को हुए कुल नुकसान का आकलन भी अभी नहीं किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)