मेले में चाउमीन खाने से 118 बच्चे बीमार, 45 बच्चों समेत 57 मरीज अस्पताल में भर्ती; सभी की हालत स्थिर

Sunday, November 22, 2026 - 23:42
0
मेले में चाउमीन खाने से 118 बच्चे बीमार, 45 बच्चों समेत 57 मरीज अस्पताल में भर्ती; सभी की हालत स्थिर

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक मेले के दौरान चाउमीन और मंचूरियन खाने से 118 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने पर सभी प्रभावित बच्चों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर पहुंचाया गया। इनमें से 45 बच्चों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसके अलावा 12 वयस्कों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम किरनापुर थाना क्षेत्र के हिर्री गांव में आयोजित मंडई मेले की है। मेले में चाउमीन और मंचूरियन खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों और अन्य लोगों को पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

बालाघाट कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि कुल 118 बच्चों को उपचार के लिए किरनापुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। इनमें से 45 बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि 73 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, 12 वयस्कों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दहिया के अनुसार, जिला अस्पताल में भर्ती सभी 45 बच्चों और 12 वयस्कों की हालत स्थिर है। सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित खाद्य स्टॉल के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका के बीच मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच कराने की प्रक्रिया भी बताई गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User