यूपी: सीएम योगी का आगरा दौरा अचानक रद्द, मथुरा बैठक के बाद सीधे दिल्ली रवाना होंगे; राजनीतिक चर्चाएं तेज

Tuesday, November 17, 2026 - 14:45
0
यूपी: सीएम योगी का आगरा दौरा अचानक रद्द, मथुरा बैठक के बाद सीधे दिल्ली रवाना होंगे; राजनीतिक चर्चाएं तेज

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा अचानक निरस्त कर दिया गया है। मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक में शामिल होने के बाद अब मुख्यमंत्री सीधे दिल्ली रवाना होंगे। उनके कार्यक्रम में हुए इस बदलाव के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री को मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में आयोजित भाजपा की बैठक में शामिल होने के बाद बरसाना जाना था। यहां उन्हें ब्रह्मलीन पद्मश्री संत रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करनी थी। इसके बाद हेलीकॉप्टर से आगरा पहुंचकर फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के शमशाबाद रोड स्थित आवास पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करनी थी।

हालांकि, मंगलवार को कार्यक्रम में बदलाव करते हुए आगरा का दौरा रद्द कर दिया गया। अब मुख्यमंत्री मथुरा से सीधे दिल्ली जाएंगे। इससे दिवंगत विधायक के परिवार से प्रस्तावित मुलाकात भी टल गई है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आगरा में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां की थीं। उनके आवास तक जाने वाले मार्ग पर सफाई, सड़क मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए जा रहे थे।

मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। इसमें मथुरा में हुई दो दिवसीय बैठक के दौरान सामने आए संगठनात्मक फीडबैक और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, दिल्ली दौरे के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि मथुरा में भाजपा की बैठक 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित की गई है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता संगठन की स्थिति, बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी रणनीति पर मंथन कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User