हिमाचल: शिक्षकों और कर्मचारियों को आने-जाने के लिए नहीं मिलेगी अतिरिक्त छुट्टी, 50 किलोमीटर के दायरे में उसी दिन लौटना अनिवार्य
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारी अब बैठक, प्रशिक्षण या सेमिनार में शामिल होने के लिए यात्रा के नाम पर अतिरिक्त छुट्टी नहीं ले सकेंगे। शिक्षा निदेशालय ने नए निर्देश जारी कर स्पष्ट किया है कि ड्यूटी स्थल से 50 किलोमीटर के दायरे में किसी आधिकारिक कार्यक्रम के लिए भेजे जाने और उचित परिवहन सुविधा उपलब्ध होने पर कर्मचारियों को कार्यक्रम समाप्त होते ही उसी दिन वापस लौटना होगा।
निदेशालय के संज्ञान में आया था कि कुछ शिक्षक और कर्मचारी 50 किलोमीटर के दायरे में आयोजित बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद आने-जाने के लिए अतिरिक्त दिनों की छुट्टी ले रहे थे। इससे स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई और कार्यालयों के नियमित कामकाज पर असर पड़ रहा था।
नए निर्देशों के तहत अब बैठक या प्रशिक्षण की निर्धारित अवधि के अतिरिक्त यात्रा के लिए एक-एक दिन लेने की व्यवस्था नहीं होगी। कर्मचारियों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसी दिन अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर लौटना होगा और अगले दिन नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
शिक्षा निदेशालय ने संस्थान प्रमुखों को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। सभी उपनिदेशकों से भी कहा गया है कि वे अपने अधीनस्थ संस्थानों के प्रमुखों को इन निर्देशों की जानकारी दें। आदेशों के पालन में लापरवाही होने पर संबंधित नियंत्रण एवं सक्षम प्राधिकारी या जिम्मेदार अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह ठहराया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)