ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज की फेलोशिप से सम्मानित हुए KGMU के डॉ. सतीश कुमार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया देश का गौरव

Tuesday, November 17, 2026 - 18:48
0
ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज की फेलोशिप से सम्मानित हुए KGMU के डॉ. सतीश कुमार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया देश का गौरव

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के मेडिसिन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस ऑफ एडिनबर्ग की फेलोशिप (FRCP) से सम्मानित किया गया है। स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में 13 नवंबर को आयोजित समारोह में दुनिया के विभिन्न देशों के 64 चिकित्सकों को यह सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और मरीजों की बेहतर देखभाल के क्षेत्र में उनके योगदान को इस उपलब्धि के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।

रॉयल कॉलेज के ऐतिहासिक परिसर में आयोजित समारोह की अध्यक्षता संस्थान के प्रेसिडेंट प्रोफेसर मार्क स्ट्रेचन ने की। इस दौरान नवनिर्वाचित फेलोज को फेलोशिप डिप्लोमा प्रदान किए गए। FRCP फेलोशिप चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय पेशेवर उपलब्धियों, चिकित्सकीय दक्षता, शिक्षण और अनुसंधान में योगदान को मान्यता देने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है।

वर्ष 1681 में स्थापित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस ऑफ एडिनबर्ग दुनिया के पुराने और प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल है। यह संस्थान लंबे समय से चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सकीय प्रशिक्षण, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। ऐसे संस्थान की फेलोशिप मिलना किसी भी चिकित्सक के लिए महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि मानी जाती है।

डॉ. सतीश कुमार की शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज से हुई, जहां से उन्होंने MBBS की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने KGMU, लखनऊ से MD (मेडिसिन) की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2013 में वह केजीएमयू से जुड़े और 2021 में एसोसिएट प्रोफेसर का दायित्व संभाला।

शोध और अकादमिक क्षेत्र में भी डॉ. कुमार का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा शोध पत्रिकाओं में 110 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने चिकित्सा पुस्तकों में आठ अध्याय लिखे हैं और 30 से अधिक अकादमिक एवं व्यावसायिक सम्मान प्राप्त किए हैं। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा और मेटाबॉलिक सिंड्रोम से जुड़े विषय उनके प्रमुख शोध क्षेत्रों में शामिल हैं।

इस उपलब्धि पर KGMU के चिकित्सकों, शिक्षकों और सहकर्मियों ने डॉ. सतीश कुमार को बधाई दी है। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, परिवार, संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सकों और सहयोगियों को दिया। डॉ. कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User