पटना में रुई के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; घरों से बाहर भागे लोग, दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू
पटना। बिहार की राजधानी पटना के पटना सिटी इलाके में मंगलवार सुबह एक रुई के गोदाम में भीषण आग लग गई। अगमकुआं थाना क्षेत्र के जनता फ्लैट के पास सुबह करीब चार बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। गोदाम में रखी रुई और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए, जबकि वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के घरों में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी सुरक्षा को देखते हुए कई लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रुई कारोबारी राहुल कुमार के मुताबिक, रात में उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी दुकान से चिंगारी निकल रही है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने गोदाम में आग लगी देखी। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और कारोबारी ने भी गोदाम में रखा सामान बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण काफी सामान जल गया।
घटना के बाद घनी आबादी वाले जनता फ्लैट के पास रुई का गोदाम संचालित होने को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों ने गोदाम में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम और आवश्यक अनुमतियों की जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। नुकसान का वास्तविक आकलन भी नहीं हुआ है। संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने की वजह और सुरक्षा मानकों से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)