यात्रीगण ध्यान दें: रेलवे का 40 साल पुराना टिकट आरक्षण सिस्टम बदलेगा, 2,200 से अधिक ट्रेनें नए सिस्टम से जुड़ीं; वेटिंग टिकट का अनुमान भी होगा बेहतर
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे अपने करीब 40 साल पुराने यात्री आरक्षण सिस्टम को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड कर रहा है। इस प्रक्रिया के तहत 30 अक्टूबर 2026 तक 2,200 से अधिक ट्रेनों को नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) से जोड़ा जा चुका है। अगस्त में शुरू हुई इस चरणबद्ध प्रक्रिया का उद्देश्य टिकट बुकिंग को तेज, अधिक भरोसेमंद और व्यस्त समय में भी सुचारु बनाना है। नए सिस्टम को सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) विकसित कर रहा है।
यात्री आरक्षण सिस्टम के जरिए आरक्षित टिकटों की बुकिंग, रद्दीकरण, सीटों का आवंटन, वेटिंग लिस्ट, RAC और रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाते हैं। यह व्यवस्था वर्ष 1986 में शुरू हुई थी। पिछले चार दशकों में इसमें कई बदलाव किए गए, लेकिन अब बढ़ती ऑनलाइन बुकिंग और यात्रियों की संख्या को देखते हुए पूरे सिस्टम को नई तकनीक के साथ तैयार किया जा रहा है।
रेलवे के अनुसार, नए आरक्षण सिस्टम की क्षमता मौजूदा व्यवस्था की तुलना में काफी अधिक होगी। इससे टिकट बुकिंग और यात्रियों की पूछताछ से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। रेलवे का लक्ष्य है कि अधिक संख्या में यात्री एक साथ टिकट बुक कर सकें और पीक आवर्स में सिस्टम पर दबाव के कारण होने वाली परेशानियां कम हों।
इसी के साथ IRCTC की वेबसाइट को भी अपग्रेड किया जा रहा है। इसके नए संस्करण में टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को सरल बनाने, अनावश्यक चरणों को कम करने और सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता दिखाने जैसे बदलाव किए जा रहे हैं। सर्वर, स्टोरेज, नेटवर्क और सॉफ्टवेयर को भी मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जा रही है, ताकि मुख्य सिस्टम में तकनीकी खराबी आने पर भी ऑनलाइन सेवाएं जारी रखी जा सकें।
रेलवे के RailOne ऐप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वेटिंग टिकट कन्फर्मेशन प्रेडिक्शन की सुविधा भी दी जा रही है। रेलवे के मुताबिक, इस सुविधा की अनुमान लगाने की सटीकता पहले 53 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है। यह सुविधा यात्रियों को यह समझने में मदद करती है कि प्रतीक्षा सूची में शामिल टिकट के कन्फर्म होने की कितनी संभावना है। हालांकि, यह केवल अनुमान है, टिकट कन्फर्म होने की गारंटी नहीं।
जुलाई 2025 में शुरू किए गए RailOne ऐप पर आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक करने के साथ-साथ टिकट रद्द कराने, रिफंड, ट्रेन की लाइव स्थिति, प्लेटफॉर्म और कोच की जानकारी तथा Rail Madad जैसी सेवाएं भी उपलब्ध हैं। रेलवे का दावा है कि नई आरक्षण व्यवस्था और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त करने तक बेहतर अनुभव मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)