हिमाचल: HRTC खरीदेगा 350 नई डीजल बसें, 115 करोड़ रुपये होंगे खर्च; 100 मिनी-मिडी और 250 साधारण बसें होंगी शामिल
शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) अपने बस बेड़े को मजबूत करने के लिए 350 नई डीजल बसें खरीदेगा। इस खरीद पर करीब 115 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें 100 मिनी-मिडी और 250 साधारण डीजल बसें शामिल होंगी। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में विधायकों के सवालों के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
मुकेश अग्निहोत्री ने जसवां प्रागपुर के विधायक बिक्रम सिंह और सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल की ओर से पूछे गए प्रश्नों के जवाब में बताया कि मिनी-मिडी बसों की खरीद पर लगभग 20 करोड़ रुपये और साधारण डीजल बसों पर 95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस तरह दोनों श्रेणियों की बसों की खरीद पर कुल 115 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
उन्होंने बताया कि बसों की खरीद के लिए निगम ने 31 मार्च 2026 को ई-निविदा जारी कर दी थी। निविदा प्रक्रिया के तहत बोली जमा करने की अंतिम तारीख 4 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद आगे की खरीद प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नई बसों के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां छोटी बसों की जरूरत है, वहां मिनी-मिडी बसें उपयोगी साबित हो सकती हैं। वहीं, 250 साधारण डीजल बसों से निगम की नियमित परिवहन सेवाओं को विस्तार देने में मदद मिलेगी।
इस खरीद के जरिए HRTC अपने मौजूदा बस बेड़े को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। हालांकि, नई बसों की आपूर्ति और संचालन की समयसीमा निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)