राहुल गांधी का भाजपा-आरएसएस पर पलटवार, बोले- ‘समर्थकों के दिलों में डर और नफरत का जाल’; कहा- प्यार और अपनत्व भी सीखें
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर की गई टिप्पणी पर सोशल मीडिया में हुई ट्रोलिंग के बाद भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा है। मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत का ऐसा जाल बुना हुआ है, जो उन्हें प्रेम महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि एक सच्चे हिंदू के रूप में उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से बाहर निकालें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की खूबसूरती और आनंद का अनुभव कर सकें। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ भी लिखा। इसके साथ उन्होंने भगवान शिव और देवी पार्वती की एक प्राचीन मंदिर की मूर्ति की तस्वीर साझा की।
दरअसल, यह विवाद सोमवार को नई दिल्ली में उनकी मां सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम में दिए गए राहुल गांधी के संबोधन के बाद शुरू हुआ। कार्यक्रम में उन्होंने अपने माता-पिता, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बीच के स्नेहपूर्ण रिश्ते को याद किया था। बचपन का एक प्रसंग साझा करते हुए उन्होंने बताया कि भोजन के समय उनकी मां अक्सर उनके पिता की गोद में बैठा करती थीं। राहुल ने कहा था कि बचपन में उन्हें यह सामान्य लगता था, लेकिन दोस्तों के घर जाने पर उन्हें एहसास हुआ कि हर परिवार में ऐसा नहीं होता।
उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी राहुल गांधी के बयान का वीडियो साझा करते हुए उन पर निशाना साधा। इसके बाद राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों को लेकर अपनी टिप्पणी की।
राहुल गांधी की पोस्ट के बाद भाजपा की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई। पार्टी ने उनके द्वारा साझा की गई भगवान शिव और देवी पार्वती की तस्वीर तथा ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ के उल्लेख पर सवाल उठाए और कर्नाटक के ऐतिहासिक होयसलेश्वर मंदिर तथा हलेबीडु के इतिहास का संदर्भ दिया।
इस तरह सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में साझा की गई राहुल गांधी की पारिवारिक यादें राजनीतिक विवाद का विषय बन गईं। दोनों पक्षों की प्रतिक्रियाओं के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया और राजनीतिक बयानबाजी में चर्चा में है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)