तेलंगाना: चार्लापल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी खाली ट्रेन के सात कोचों में लगी आग, दमकल ने 45 मिनट में पाया काबू; कोई हताहत नहीं
हैदराबाद। तेलंगाना के चार्लापल्ली रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक खाली ट्रेन के कोचों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास खड़े अन्य डिब्बों तक फैल गई और कुल सात कोच इसकी चपेट में आ गए। राहत की बात यह रही कि ट्रेन में कोई यात्री या रेलवे कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिसके चलते घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
दक्षिण मध्य रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के बीच रखरखाव के लिए खड़े एक खाली कोच में आग लगी। कुछ ही देर में लपटें आसपास के कोचों तक पहुंच गईं। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने दमकल विभाग को सूचना दी।
आग को फैलने से रोकने के लिए रेलवे प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा गया और संबंधित हिस्से की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके साथ ही आग से प्रभावित कोचों को ट्रेन के बाकी हिस्से से अलग कर दिया गया।
दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद शाम 7:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। रेलवे पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं अग्निशमन अभियान की निगरानी की।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)