महाराष्ट्र: 26/11 हमले के बाद बनी ‘फोर्स वन’ अब ATS के नियंत्रण में, सरकार ने क्यों बदली कमान?
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की विशेष कमांडो यूनिट ‘फोर्स वन’ को आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) के प्रशासनिक और परिचालन नियंत्रण में सौंप दिया है। गृह विभाग ने 16 नवंबर को इस संबंध में शासनादेश जारी किया। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य आतंकवाद विरोधी अभियानों में बेहतर समन्वय, एकीकृत नेतृत्व और तेजी से निर्णय लेने की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
सरकार के अनुसार, अब तक ATS और फोर्स वन का प्रशासनिक नियंत्रण अलग-अलग वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पास था। दोनों इकाइयों की जिम्मेदारियां एक-दूसरे से जुड़ी होने के बावजूद अलग-अलग नेतृत्व के कारण आपात परिस्थितियों में समन्वय और संयुक्त कार्रवाई में व्यावहारिक कठिनाइयां आ सकती थीं। इसी को देखते हुए दोनों इकाइयों को एक ही नेतृत्व के अधीन लाने का निर्णय लिया गया है।
फोर्स वन का गठन 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों के बाद किया गया था। इसका उद्देश्य राज्य में गंभीर आतंकी घटनाओं और उच्च जोखिम वाली आपात स्थितियों से निपटने के लिए एक विशेष प्रशिक्षित कमांडो इकाई तैयार करना था। वहीं, ATS की प्रमुख जिम्मेदारियों में आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम, खुफिया जानकारी जुटाना और उनका विश्लेषण करना तथा आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच करना शामिल है।
गृह विभाग के शासनादेश में कहा गया है कि दोनों इकाइयों के बीच एकीकृत कमान से आतंकवाद विरोधी अभियानों की योजना और क्रियान्वयन में तालमेल बेहतर होगा। इससे आपात स्थिति में निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज करने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने में मदद मिलेगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि नियंत्रण हस्तांतरण के बावजूद फोर्स वन की मौजूदा संगठनात्मक संरचना, स्वीकृत पदों, कर्मचारियों की संख्या, वित्तीय प्रावधानों और सेवा शर्तों में कोई बदलाव नहीं होगा। यानी यह फैसला मुख्य रूप से प्रशासनिक और परिचालन नेतृत्व में बदलाव से संबंधित है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को नियंत्रण हस्तांतरण की प्रक्रिया तत्काल पूरी करने और इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से महाराष्ट्र की आतंकवाद विरोधी तैयारियों और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को मजबूती मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)