सोनिया गांधी की किताब ने बिक्री में बनाए 5 रिकॉर्ड, एक हफ्ते से भी कम समय में बिकीं 2 लाख से अधिक प्रतियां

Tuesday, November 17, 2026 - 14:01
0
सोनिया गांधी की किताब ने बिक्री में बनाए 5 रिकॉर्ड, एक हफ्ते से भी कम समय में बिकीं 2 लाख से अधिक प्रतियां

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ ने प्रकाशन जगत में बिक्री के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स इंडिया के मुताबिक, किताब बाजार में आने के एक सप्ताह से भी कम समय में इसकी दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। इसके साथ ही किताब ने बिक्री और डिलीवरी से जुड़े पांच रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।

हार्पर कॉलिन्स इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन ने 16 नवंबर को नई दिल्ली में किताब के औपचारिक विमोचन के दौरान इसकी बिक्री के आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि किताब 10 नवंबर को सुबह 10 बजे बिक्री के लिए उपलब्ध हुई थी। इसके बाद पहले ही दिन महज 10 मिनट के भीतर 15 हजार से अधिक प्रतियां पाठकों तक पहुंचा दी गईं।

प्रकाशक के अनुसार, ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ भारत की सबसे तेजी से बिकने वाली किताब, सबसे तेजी से बिकने वाली पहली किताब, सबसे तेजी से बिकने वाली नॉन-फिक्शन पुस्तक और सबसे तेजी से बिकने वाली संस्मरण पुस्तक बन गई है। वहीं, 10 मिनट से भी कम समय में 15 हजार से अधिक प्रतियों की डिलीवरी के साथ इसने देश के प्रकाशन इतिहास में सबसे तेजी से डिलीवर होने वाली किताब का रिकॉर्ड भी बनाया है।

किताब के विमोचन कार्यक्रम में सोनिया गांधी के साथ उनके बेटे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता, मुख्यमंत्री और साहित्य जगत से जुड़ी हस्तियां शामिल हुईं।

सोनिया गांधी ने किताब को मिले पाठकों के प्रतिसाद पर आश्चर्य और खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि पाठक कुछ सप्ताह में किताब को पसंद करेंगे, लेकिन इतने कम समय में मिली प्रतिक्रिया उनकी अपेक्षा से कहीं अधिक रही। उन्होंने पाठकों की खरीदारी, टिप्पणियों और आलोचनात्मक प्रतिक्रियाओं के लिए भी आभार जताया।

‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ सोनिया गांधी की व्यक्तिगत संस्मरणात्मक पुस्तक है। इसमें उनके जीवन, परिवार और अनुभवों को जगह दी गई है। पुस्तक में राजनीति को उनके व्यक्तिगत जीवन की यात्रा की पृष्ठभूमि के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User