राजस्थान: विधायक के PA की पत्नी चुनाव हारीं तो 3 घंटे बाद हटाई गईं 50 रोड लाइटें, पीपलू में विवाद

Sunday, November 22, 2026 - 13:31
0
राजस्थान: विधायक के PA की पत्नी चुनाव हारीं तो 3 घंटे बाद हटाई गईं 50 रोड लाइटें, पीपलू में विवाद

टोंक जिले की पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद करीब 50 रोड लाइटें हटाए जाने का मामला चर्चा में है। भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा चुनाव हार गईं और इसके करीब तीन घंटे बाद बिजली निगम की टीम ने क्षेत्र में लगी रोड लाइटें खोलकर हटा दीं। प्रियंका शर्मा निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक (PA) आलोक शर्मा की पत्नी हैं।

ग्रामीणों और वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत के मुताबिक, चुनाव प्रचार के दौरान 24 अक्टूबर को गांवों और ढाणियों में करीब 50 रोड लाइटें लगवाई गई थीं। इससे क्षेत्र के लोगों को रात में अंधेरे से राहत मिली थी। शुक्रवार को चुनाव परिणाम घोषित हुआ, जिसमें प्रियंका शर्मा कांग्रेस प्रत्याशी धन्नालाल से 751 वोटों से हार गईं। इसके कुछ घंटे बाद बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची और सभी लाइटें खोलकर अपने साथ ले गई।

लाइटें हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने विरोध जताया। उनका सवाल है कि यदि ये लाइटें अवैध तरीके से लगाई गई थीं, तो इन्हें लगाए जाने के समय ही कार्रवाई क्यों नहीं की गई? चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद कार्रवाई होने से ग्रामीणों ने इसके समय पर भी सवाल उठाए हैं।

वहीं, बिजली निगम पीपलू के AEN गोवर्धन चौधरी ने बताया कि लाइटें अवैध रूप से लगाई गई थीं। उन्होंने कहा कि विभाग ने किसी के कहने पर इन्हें नहीं हटाया, बल्कि टीम को अवैध लाइटों की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई। उनके मुताबिक, इन्हें किसने लगवाया था, इसकी जानकारी नहीं है।

फिलहाल इस मामले में ग्रामीणों की नाराजगी के बीच यह सवाल बना हुआ है कि लाइटें लगाने की अनुमति किसने दी थी और विभाग को इनके बारे में जानकारी मिलने के बाद ही कार्रवाई क्यों की गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में वैध तरीके से रोड लाइटों की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User