दिवाली से पहले कोटा में बड़ी कार्रवाई, 20 क्विंटल संदिग्ध मावा और मिल्क केक जब्त
राजस्थान के कोटा में दिवाली से पहले मिलावट की आशंका पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 20 क्विंटल संदिग्ध मावा और मिल्क केक जब्त किया है। शहर के सिंधी कॉलोनी इलाके में महज 100 वर्ग फीट की दुकान पर छापा मारकर दो अलग-अलग ब्रांड के 48 कार्टन बरामद किए गए। आशंका है कि इस सामग्री को त्योहार के दौरान ग्रामीण इलाकों में बेचने की तैयारी थी।
पुलिस को दुकान में बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद किशोरपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाया। जांच में दुकान से मिले 48 कार्टन में प्रत्येक में 16 डिब्बे रखे हुए थे। हर डिब्बे का वजन करीब ढाई किलोग्राम था। इस तरह कुल 768 डिब्बों में लगभग 1,920 किलोग्राम यानी 20 क्विंटल सामग्री मिली।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों ब्रांड के मावा और मिल्क केक के कुल छह नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने तक पूरी सामग्री को सीज कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के विपरीत पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई करने की योजना थी। दुकान बृजेश कुमार की बताई गई है, जिसे जमुना शंकर राठौड़ ने किराए पर लिया था। फिलहाल नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)