JKSSB भर्ती परीक्षा में संगठित नकल की साजिश का खुलासा, चार मॉड्यूल सक्रिय; 14 गिरफ्तार, 8 वायरलेस सेट और 22 मोबाइल जब्त
जम्मू। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) की फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में नकल कराने की संगठित साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस नेटवर्क में चार अलग-अलग मॉड्यूल सक्रिय थे, जिनके जरिए परीक्षा केंद्रों के भीतर बैठे चुनिंदा अभ्यर्थियों तक बाहर से उत्तर पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ वायरलेस सेट, 22 मोबाइल फोन और पांच चारपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।
वित्त विभाग के 600 पदों पर भर्ती के लिए 15 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। पुलिस को पहले ही सूचना मिली थी कि कुछ लोग इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों के जरिए अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी और परीक्षा केंद्रों के आसपास कार्रवाई की।
जम्मू के एसएसपी जोगिंदर सिंह के मुताबिक, पुलिस ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्रों के आसपास मौजूद संदिग्ध मददगारों को पकड़ लिया था। परीक्षा प्रक्रिया बाधित न हो, इसलिए पुलिस ने अंदर बैठे संभावित लाभार्थी अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई परीक्षा समाप्त होने के बाद की। इस दौरान चार अभ्यर्थियों को भी पकड़ा गया, जिनके पास से मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में बाहर मौजूद मददगारों और परीक्षा केंद्रों के भीतर बैठे अभ्यर्थियों के बीच संपर्क स्थापित करने की व्यवस्था की गई थी। योजना के तहत परीक्षा से जुड़े प्रश्न बाहर भेजे जाने थे और उनके उत्तर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से अभ्यर्थियों तक पहुंचाने थे। संदिग्धों ने परीक्षा केंद्रों से करीब 100 से 300 मीटर की दूरी पर रहकर संपर्क बनाए रखने की तैयारी की थी।
मामले में दोमाना पुलिस थाने में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। जांच के लिए एसडीपीओ दोमाना की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। जब्त मोबाइल फोन और वायरलेस उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उपकरण कहां से हासिल किए गए, प्रश्नपत्र या सवालों तक आरोपियों की पहुंच कैसे बनी और इस कथित साजिश में किन लोगों की क्या भूमिका थी।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और पूरे नेटवर्क के साथ-साथ संभावित अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इस परीक्षा में वित्त विभाग के 600 पदों के लिए 1.60 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में नकल की इस कथित कोशिश ने भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता और हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)