जम्मू-कश्मीर: डोडा में चार घंटे के भीतर भूकंप के तीन झटके, 3.8 रही सबसे अधिक तीव्रता; एक सीध में रहे केंद्र
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार को करीब चार घंटे 38 मिनट के भीतर भूकंप के तीन झटके दर्ज किए गए। इनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर क्रमशः 2.7, 3.8 और 2.9 रही। इनमें सबसे तेज झटका सुबह 8:48 बजे आया, जिसकी तीव्रता 3.8 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से करीब पांच किलोमीटर नीचे था।
भूकंप की इस श्रृंखला की खास बात यह रही कि तीनों झटकों के केंद्र सीमित भौगोलिक क्षेत्र में लगभग एक सीधी रेखा में स्थित थे। इनके बीच का कुल क्षेत्र करीब 11.5 किलोमीटर बताया गया है। भूकंप के केंद्रों की गहराई पांच से दस किलोमीटर के बीच दर्ज की गई।
डोडा-किश्तवाड़ का इलाका भूगर्भीय दृष्टि से संवेदनशील और जटिल संरचना वाला क्षेत्र माना जाता है। यहां पहले भी भूकंप की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2013 में किश्तवाड़ में 5.7 तीव्रता और वर्ष 2023 में डोडा में 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, 14 नवंबर को डोडा में दर्ज तीन झटकों के अलावा किश्तवाड़ में भी सुबह 2:38 बजे 3.3 तीव्रता का भूकंप आया था। फिलहाल इन झटकों से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)