पटनीटॉप होटल भूमि अतिक्रमण मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, चार होटलों की 10.66 करोड़ की संपत्ति अटैच; कुल आंकड़ा 41.38 करोड़ पहुंचा
जम्मू-कश्मीर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उधमपुर जिले के पर्यटन स्थल पटनीटॉप में होटल भूमि अतिक्रमण और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी के जम्मू उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत करीब 10.66 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है। इनमें होटल हॉलिडे इन, होटल ब्रॉडवे, होटल हॉलीवुड और होटल माउंटव्यू की जमीन और इमारतें शामिल हैं।
ED के अनुसार, यह जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, जम्मू की ओर से दर्ज FIR के आधार पर शुरू की गई थी। मामले में पटनीटॉप क्षेत्र के विभिन्न होटलों, गेस्ट हाउस, रिसॉर्ट, कॉटेज और आवासीय संपत्तियों के मालिकों तथा निदेशकों के साथ पटनीटॉप विकास प्राधिकरण (PDA) के अधिकारियों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।
जांच एजेंसी का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ आवासीय इमारतों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया गया, स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण कराया गया और घने जंगलों, कृषि भूमि तथा आवासीय क्षेत्रों जैसे प्रतिबंधित इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की गईं। एजेंसी ने यह भी कहा कि नियमों के उल्लंघन के बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
ED की जांच में सामने आया कि होटल हॉलिडे इन में भवन निर्माण की स्वीकृति होने के बावजूद मंजूर योजना से लगभग 7,552.74 वर्ग फुट अतिरिक्त निर्माण किया गया। वहीं, होटल ब्रॉडवे, हॉलीवुड और माउंटव्यू के व्यावसायिक संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियां नहीं होने की बात भी जांच में सामने आई है। एजेंसी ने संबंधित इमारतों, अतिरिक्त निर्माण और उनसे जुड़ी जमीन को कथित अपराध से अर्जित संपत्ति के रूप में चिह्नित करते हुए अटैच किया है।
इससे पहले ED ने वर्ष 2025 में इसी मामले में दो अलग-अलग अस्थायी कुर्की आदेश जारी कर करीब 30.72 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की थीं। अब 10.66 करोड़ रुपये की ताजा कार्रवाई के बाद मामले में अटैच की गई संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 41.38 करोड़ रुपये हो गया है।
गौरतलब है कि CBI ने वर्ष 2023 में इस मामले में छह होटलों से जुड़े आठ होटल मालिकों और पटनीटॉप विकास प्राधिकरण के कई अधिकारियों के खिलाफ छह आरोपपत्र दाखिल किए थे। ED ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)