भारत समिट 2026 विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, इटली के नेता के ‘वोट चोर’ नारे पर SIT जांच की मांग; तेलंगाना सरकार से माफी मांगने की अपील

Tuesday, November 17, 2026 - 15:05
0
भारत समिट 2026 विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, इटली के नेता के ‘वोट चोर’ नारे पर SIT जांच की मांग; तेलंगाना सरकार से माफी मांगने की अपील

नई दिल्ली। हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 के दौरान इटली के राजनेता जियाकोमो फिलिबेक द्वारा ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाए जाने का विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में जाहिद अली नाम के याचिकाकर्ता ने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत रिट याचिका दाखिल की है। याचिका में विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों के भारतीय घरेलू राजनीति में कथित हस्तक्षेप पर रोक लगाने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की गई है।

याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि इटली की पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित सम्मेलन के दौरान भारतीय राजनीति से जुड़े नारे लगाए और कांग्रेस तथा राहुल गांधी के राजनीतिक अभियान का समर्थन किया। याचिका में इस गतिविधि को भारत के घरेलू राजनीतिक विमर्श में विदेशी हस्तक्षेप बताते हुए सवाल उठाए गए हैं।

याचिका में केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, तेलंगाना सरकार और भारत समिट के आयोजकों सहित कुल नौ पक्षकारों को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों की भारतीय घरेलू राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

इसके अलावा, भारत समिट के आयोजन, विदेशी प्रतिनिधियों को जारी वीजा, उन्हें दी गई अनुमतियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग भी की गई है। याचिका में तेलंगाना सरकार से इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने का आश्वासन देने की अपील की गई है।

याचिकाकर्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब पर प्रसारित संबंधित वीडियो हटाने या उनकी पहुंच निष्क्रिय करने की मांग भी की है। साथ ही वीडियो की मूल प्रतियां, अपलोड से जुड़ी जानकारी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।

गौरतलब है कि 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में तेलंगाना सरकार और समृद्ध भारत फाउंडेशन की ओर से भारत समिट का आयोजन किया गया था। इसमें कई देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। सम्मेलन के दौरान जियाकोमो फिलिबेक ने अपने संबोधन में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया था। उस समय मंच पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मौजूद थे।

इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस और तेलंगाना सरकार पर सवाल उठाए थे। वहीं, अब मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचने के बाद विदेशी प्रतिनिधियों की राजनीतिक गतिविधियों, वीजा शर्तों और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में उनकी भूमिका को लेकर कानूनी बहस शुरू हो गई है। फिलहाल याचिका में की गई मांगों पर सुप्रीम कोर्ट का कोई आदेश सामने नहीं आया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User