अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान शहीद हुए खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी, मध्यप्रदेश पुलिस परिवार ने दी श्रद्धांजलि
देवास। मध्यप्रदेश पुलिस परिवार के वीर अधिकारी और देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पुरी ने ड्यूटी के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए। सोमवार तड़के अवैध शराब की तस्करी रोकने के अभियान के दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। उनके निधन से पुलिस विभाग और पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार, दिलीप पुरी को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के थानों की टीमों के साथ कार्रवाई शुरू की। देर रात करीब 1:30 बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर संदिग्ध ट्रक को रोकने के दौरान चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया पुरी के ऊपर से गुजर गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक से करीब 1,800 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है, जो तस्करी के नेटवर्क, शराब के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिलीप पुरी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार ने उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को अनुकंपा के आधार पर उपनिरीक्षक पद पर नियुक्ति देने की घोषणा की है।
दिलीप पुरी का त्याग, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणा बना रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें। विनम्र श्रद्धांजलि। जय हिंद।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)