रायसेन: नर्मदा किनारे मिला विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी का जबड़ा, लाखों साल पुराने जीवाश्म ने बढ़ाई वैज्ञानिकों की दिलचस्पी
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की देवरी तहसील के पतई गांव में नर्मदा नदी के किनारे विशालकाय प्रागैतिहासिक जीव का जीवाश्म मिलने से वैज्ञानिकों की दिलचस्पी बढ़ गई है। नदी के कटाव के कारण सामने आए इस जीवाश्म में निचले जबड़े का हिस्सा और बड़े-बड़े दांत दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती आकलन में इसे विलुप्त हो चुके हाथी जैसे जीव स्टेगोडॉन नामाडिकस का अवशेष माना जा रहा है। इसकी उम्र करीब 65 लाख वर्ष होने का अनुमान जताया गया है, हालांकि अंतिम पुष्टि विस्तृत वैज्ञानिक जांच के बाद ही होगी।
जीवाश्म मिलने के बाद भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की भोपाल से आई चार सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को मौके का निरीक्षण किया। टीम ने जबड़े की संरचना और आसपास की भूगर्भीय स्थिति का अध्ययन किया तथा जरूरी जानकारियां जुटाईं। अधिकारियों के मुताबिक, वैज्ञानिक टीम अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपेगी, जिसके बाद जीवाश्म की पहचान और ऐतिहासिक महत्व को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, स्टेगोडॉन हाथी जैसा दिखने वाला विशालकाय प्रागैतिहासिक स्तनधारी जीव था। इसका कंधे तक का कद करीब 3.2 मीटर और वजन लगभग 7.5 टन होने का अनुमान है। इसके दांतों की विशिष्ट बनावट इसे दूसरे प्राचीन हाथी जैसे जीवों से अलग पहचान देती थी।
इस खोज को नर्मदा घाटी के प्रागैतिहासिक इतिहास के अध्ययन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्र में पहले भी प्राचीन जीवों और आदिमानव से जुड़े अवशेष मिल चुके हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तरह की खोजों से लाखों वर्ष पहले इस इलाके में मौजूद जीव-जंतुओं, प्राकृतिक वातावरण और पारिस्थितिकी को समझने में मदद मिल सकती है।
फिलहाल जीवाश्म की प्रजाति और उसकी वास्तविक उम्र को लेकर वैज्ञानिक पुष्टि का इंतजार है। जीएसआई की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पतई घाट पर मिला अवशेष किस प्रजाति का है और उसका कालखंड क्या रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)