दरभंगा में गश्त के दौरान एएसआई को गोली मारी, बाएं पैर में लगी; हमलावर की तलाश में छापेमारी
बिहार के दरभंगा जिले में गुरुवार को गश्त के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की घटना सामने आई। सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव के पास हुई इस घटना में थाने में तैनात एएसआई रणधीर कुमार घायल हो गए। गोली उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर किया गया। फिलहाल इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एएसआई रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ उजान गांव की ओर गश्त पर निकले थे। इसी दौरान एक बगीचे की तरफ से अचानक गोली चलाई गई, जो उनके पैर में लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की टेक्निकल सेल भी मामले की जांच कर रही है। एसएसपी के मुताबिक, गश्त के दौरान बगीचे की ओर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली चलाई थी। पुलिस हमलावर की पहचान, घटना के कारण और उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। फिलहाल गोली चलाने वाले की पहचान नहीं हो सकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)