ओडिशा भूस्खलन में मृतकों की संख्या सात हुई, एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले; छह अब भी लापता

Thursday, November 5, 2026 - 23:03
0
ओडिशा भूस्खलन में मृतकों की संख्या सात हुई, एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले; छह अब भी लापता

ओडिशा के गंजाम जिले के घिड़ीपाबली गांव में हुए भीषण भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। गुरुवार को बचाव दल ने मलबे से पांच और शव बरामद किए। इनमें एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं, जिनमें दंपती और उनके तीन बच्चे हैं। हादसे के बाद से छह लोग अब भी लापता हैं। यह भूस्खलन 28 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब के बाद हुई भारी बारिश और बाढ़ के दौरान हुआ था।

प्रशासन के मुताबिक, मृतकों की पहचान 25 वर्षीय बिजया प्रधान, उनकी 27 वर्षीय पत्नी भूमिका, सात वर्षीय बेटे अरुणा, छह वर्षीय बेटी बिजयालक्ष्मी और एक वर्षीय बेटी बागरी के रूप में हुई है। परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब गए थे। गुरुवार को सुबह दो और बाद में तीन शव बरामद किए गए। परिजनों की इच्छा के अनुसार प्रशासन ने घटनास्थल पर ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था में मदद की।

कंधमाल के जिला कलेक्टर वेदभूषण के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह करीब तीन बजे गंजाम और कंधमाल जिलों की सीमा के पास भंजनगर ब्लॉक के घिड़ीपाबली गांव में लगातार भूस्खलन हुआ था। उस समय ग्रामीण अपने घरों में सो रहे थे। पहाड़ी से चट्टानें, मिट्टी और उखड़े हुए पेड़ नीचे आ गिरे, जिससे कई घर मलबे में दब गए। गांव के 13 लोग किसी तरह बचकर निकले और कंधमाल जिले के राहत शिविर में शरण ली।

बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ), अग्निशमन सेवा और रेलवे की टीमें जुटी हैं। खराब मौसम के कारण बुधवार को अभियान रोकना पड़ा था, लेकिन गुरुवार को फिर तलाशी की गई। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा और पुनर्वास का भरोसा दिया है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है कि गांव के प्रभावित लोगों को आवास उपलब्ध कराकर बसाया जाएगा।

चक्रवात और बाढ़ से ओडिशा में 11 लोगों की मौत

चक्रवात अर्नब और उसके बाद आई बाढ़ तथा भूस्खलन से राज्य में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें घिड़ीपाबली के सात मृतक शामिल हैं। इससे पहले कंधमाल जिले में तीन और गजपति जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। दक्षिणी ओडिशा के गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में फसलों, मकानों, सड़कों, पुलों, सिंचाई व्यवस्था और बिजली ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।

केंद्र से 12,526 करोड़ रुपये की सहायता की मांग

आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए ओडिशा सरकार ने केंद्र से 2,526 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मांगी है। इसके अलावा भविष्य में चक्रवात और बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने तथा स्थायी आपदा-रोधी बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज भी मांगा गया है। राज्य सरकार ने केंद्रीय अंतर-मंत्रालयी टीम को नुकसान का प्रारंभिक आकलन सौंपा है। इस राशि का इस्तेमाल क्षतिग्रस्त सिंचाई सुविधाओं, सड़कों, बिजली व्यवस्था और अन्य बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में करने का प्रस्ताव है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User