हरदोई में दर्दनाक सड़क हादसा: पानी से भरे गड्ढे में गिरी कार, दंपती और तीन माह के बच्चे की मौत
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार तड़के बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जफरपुर मोड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार रमेश कुमार (35), उनकी पत्नी नीलम (32) और उनके तीन माह के मासूम बच्चे की जान चली गई। वहीं, कार में सवार एक अन्य युवक आदित्य कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव के मूल निवासी रमेश कुमार वर्तमान में चांद बेहटा में रह रहे थे और गुरुग्राम में काम करते थे। वह दीपावली मनाने के लिए शुक्रवार तड़के अपनी पत्नी, बच्चे और साथी आदित्य कुमार के साथ कार से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 3:30 बजे जफरपुर मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पानी से भरे गड्ढे में गिर गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान चलाते हुए रस्सी की मदद से आदित्य कुमार को बाहर निकाला। वह गंभीर हालत में अचेत थे। सभी को एंबुलेंस से कन्नौज जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमेश, नीलम और उनके बच्चे को मृत घोषित कर दिया। आदित्य का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)