चावड़ी बाजार हादसा: फरीदाबाद से तीन ठेकेदार गिरफ्तार, इमारत गिरने से दो मजदूरों की मौत
दिल्ली के पुरानी दिल्ली स्थित चावड़ी बाजार इलाके में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिरोही गांव से पकड़ा गया। उनकी पहचान सिराज, ताजुद्दीन और फरकान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों दिल्ली के अजमेरी गेट इलाके के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो गैर इरादतन हत्या से संबंधित है।
यह हादसा गुरुवार सुबह चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली शीश महल में हुआ था। निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई, जिसके मलबे में कई लोग दब गए। राहत और बचाव अभियान के दौरान दो मजदूरों किशोरी (40) और संजीत (45) की मौत हो गई, जबकि साहदेव चौधरी (25) और फिरोज (37) को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत स्थिर बताई गई।
प्रारंभिक जांच में इमारत के निर्माण में अनियमितताओं की आशंका जताई गई है। अधिकारियों के अनुसार, करीब 50 वर्गमीटर के भूखंड पर बनी इमारत का स्वीकृत भवन नक्शा नहीं मिला। यह भी आशंका है कि निर्माण के दौरान अस्थायी सहारे समय से पहले हटा दिए गए, जिससे ढांचा ढह गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने संबंधित एक सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। संकरी गलियों के कारण बचाव दलों को मौके तक भारी मशीनें पहुंचाने में परेशानी हुई। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच कर रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)