पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, जेपी यादव समेत तीन की मौत; मनेर थानेदार घायल
बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों की मौत हो गई, जबकि मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मृतकों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों का आपराधिक इतिहास रहा था और वे हत्या सहित कई मामलों में वांछित थे। पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी शेरपुर इलाके में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसके बाद टीम ने इलाके में कार्रवाई की।
पुलिस का दावा है कि टीम के पहुंचने पर आरोपियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसी दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार की बांह में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खाली कारतूस बरामद किए गए। दोनों पक्षों की ओर से कुल 40 से अधिक राउंड फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दानापुर-2 के एसडीपीओ ए.के. झा के मुताबिक, तीनों आरोपी मनेर के व्यापुर पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में वांछित थे। पुलिस के अनुसार, बबलू कुमार और सूरज कुमार पर शूटर होने का आरोप था, जबकि जेपी यादव को इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)