अमेठी में भाजपा नेता और प्रधान प्रतिनिधि पर हमला, फायरिंग के बाद लाठी-डंडों से पीटा; घर पहुंचकर महिलाओं से अभद्रता और तोड़फोड़ का आरोप
अमेठी। जिले के कमलानगर बाजार में भाजपा नेता और किटियावां गांव के प्रधान प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि हनुमान इंटर कॉलेज के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट की। हमलावरों ने कथित तौर पर तमंचे से फायरिंग की, लेकिन गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और तमंचे की बट से उनकी पिटाई की गई। घटना में उनके भाई अजय सिंह भी घायल हो गए।
विजय कुमार सिंह ने मुंशीगंज पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि बांके बिहारी सिंह के इशारे पर सौरभ सिंह उर्फ गजेंद्र, वैभव सिंह, महेंद्र यादव, सचिन यादव, आशीष यादव और कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया था। आरोपियों ने उन पर हमला किया। शोर सुनकर उनके भाई अजय सिंह मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद 10 से 12 लोग मोटरसाइकिलों से गांव पहुंचे। वहां घर में घुसकर महिलाओं के साथ गालीगलौज और अभद्रता की गई। घर के बाहर खड़ी कार और बाइक में भी तोड़फोड़ की गई। परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ लोग वाहन में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)