साइबर ठगी से 400 करोड़ से अधिक की कमाई का आरोप, रोशन फियाज और अम्मार गिरफ्तार; 31 खातों में मिले 300 करोड़ के लेनदेन

Thursday, November 5, 2026 - 22:57
0
साइबर ठगी से 400 करोड़ से अधिक की कमाई का आरोप, रोशन फियाज और अम्मार गिरफ्तार; 31 खातों में मिले 300 करोड़ के लेनदेन

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने देशभर में 600 से अधिक साइबर अपराधों से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का खुलासा करते हुए रोशन फियाज और अम्मार को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन धोखाधड़ी से 400 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई गई। आरोपियों को 30 अक्तूबर को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया गया था। चेन्नई की विशेष अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से निवेश योजनाओं, शेयर बाजार में मुनाफे और नौकरी का झांसा देकर निशाना बनाते थे। इसके बाद पीड़ितों से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए जाते थे। ईडी के अनुसार, ठगी की रकम को कई खातों के जरिए घुमाया गया और उसका एक हिस्सा नकद निकालने के बाद क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट में स्थानांतरित किया गया।

ईडी ने रोशन फियाज को इस नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया है। जांच के दौरान उसके नाम, पत्नी के नाम और उससे जुड़ी विभिन्न इकाइयों के नाम पर संचालित 31 बैंक खातों में 300 करोड़ रुपये से अधिक के डेबिट और क्रेडिट लेनदेन का पता चला। वहीं, अम्मार पर आरोप है कि वह नेटवर्क को अलग-अलग लोगों और संस्थाओं के बैंक खाते उपलब्ध कराता था, जिनका इस्तेमाल लेनदेन के लिए किया जाता था।

एजेंसी ने तमिलनाडु और तेलंगाना में दर्ज दो शुरुआती एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी। बाद में तेलंगाना, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में दर्ज 10 अन्य एफआईआर भी इसी नेटवर्क से जुड़ी पाई गईं। जांच में इस नेटवर्क से संबंधित 600 से अधिक साइबर अपराधों की शिकायतें सामने आई हैं।

ईडी के अनुसार, आरोपियों और उनसे जुड़ी इकाइयों के ठिकानों पर पहले की गई तलाशी में 14.50 लाख रुपये नकद और 3.26 करोड़ रुपये मूल्य की क्रिप्टोकरेंसी जब्त की गई थी। इसके अलावा, विभिन्न बैंक खातों में जमा 88.28 लाख रुपये की राशि फ्रीज की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User