शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती, बेटी सुप्रिया सुले ने बताया- आगे की जांच के लिए कराया गया एडमिट
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और राज्यसभा सांसद शरद पवार को बुधवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिता को आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने शुभचिंतकों की चिंता और दुआओं के लिए आभार जताया।
85 वर्षीय शरद पवार को इससे पहले 2 नवंबर को खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। वहां दो दिन तक उनकी चिकित्सकीय जांच और निगरानी की गई। बुधवार को हालत स्थिर रहने और सीने की तकलीफ कम होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुणे से छुट्टी मिलने के कुछ घंटे बाद उन्हें आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रूबी हॉल क्लिनिक के डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें सामान्य जांच और चिकित्सकीय निगरानी के लिए भर्ती किया गया था। सुप्रिया सुले ने इससे पहले भी बताया था कि उनकी सेहत से जुड़े पैरामीटर स्थिर हैं।
फिलहाल ब्रीच कैंडी अस्पताल में कराई जा रही जांच के नतीजों और उनकी ताजा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)