मेटा दफ्तरों पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, 21 कार्यकर्ता हिरासत में; अकाउंट बहाली के लिए सात दिन का अल्टीमेटम
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कांग्रेस नेताओं के अकाउंट प्रतिबंधित किए जाने के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस ने मेटा के कार्यालयों पर प्रदर्शन किया। शुक्रवार को हैदराबाद में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता मेटा के दफ्तर परिसर में पहुंच गए और नारेबाजी की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा परिसर में रखे गमले तोड़े जाने का वीडियो भी सामने आया। पुलिस ने करीब 20 से 21 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था, जिन्हें लगभग तीन घंटे बाद छोड़ दिया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व तेलंगाना युवा कांग्रेस के अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी ने किया। युवा कांग्रेस का आरोप है कि मेटा ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिए थे। संगठन ने यह भी दावा किया कि उसके कई पोस्ट हटाए गए और विपक्षी आवाजों को निशाना बनाया जा रहा है।
प्रदर्शन के बाद भारतीय युवा कांग्रेस ने मेटा को सात दिनों का अल्टीमेटम दिया। संगठन ने प्रतिबंधित अकाउंट और पोस्ट बहाल करने के साथ पिछले छह महीनों में सरकारी आदेशों के आधार पर रोके गए भारतीय अकाउंट्स की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर देशभर में मेटा के कार्यालयों के बाहर आंदोलन तेज किया जाएगा और कानूनी रास्ता भी अपनाया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने दावा किया कि प्रदर्शन के कुछ समय बाद उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से उपलब्ध हो गए। हालांकि, अकाउंट बहाली के कारण और मेटा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
हैदराबाद के अलावा गुरुग्राम और मुंबई में भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेटा के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया। इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा ने कांग्रेस की आलोचना की है। वहीं, मेटा की ओर से सात दिन के अल्टीमेटम पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)