मुंबई: सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेलते नजर आए प्रिंस विलियम और केट मिडलटन, कुल्हड़ वाली चाय का भी लिया आनंद

Monday, November 16, 2026 - 13:46
0
मुंबई: सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेलते नजर आए प्रिंस विलियम और केट मिडलटन, कुल्हड़ वाली चाय का भी लिया आनंद

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन ने सोमवार को अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा की शुरुआत मुंबई से की। इस दौरान बॉलार्ड एस्टेट में उनका खास अंदाज देखने को मिला। शाही जोड़े ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ स्कूली छात्राओं के बीच गली क्रिकेट खेला और मुंबई की मशहूर कटिंग चाय का स्वाद भी चखा।

एन. मोराजी रोड पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रिंस विलियम ने बल्ला थामकर बल्लेबाजी की, जबकि केट मिडलटन ने भी क्रिकेट में हाथ आजमाया। सचिन तेंदुलकर ने दोनों को खेल के दौरान मार्गदर्शन दिया और बच्चों के साथ इस दोस्ताना मुकाबले का हिस्सा बने। कार्यक्रम में स्थानीय स्कूली छात्राओं ने भी उत्साह से भाग लिया। शाही जोड़े का पारंपरिक ढोल-ताशा के साथ स्वागत किया गया।

क्रिकेट खेलने के बाद प्रिंस विलियम, केट और सचिन तेंदुलकर एक स्थानीय चाय की दुकान पर पहुंचे। यहां तीनों ने मिट्टी के कुल्हड़ में परोसी गई कटिंग चाय का आनंद लिया। चाय विक्रेता मनोज के मुताबिक, शाही जोड़े को चाय पसंद आई और उन्होंने इसकी तारीफ भी की।

यह मुलाकात सचिन तेंदुलकर और शाही जोड़े के बीच पुरानी क्रिकेट की यादें भी ताजा कर गई। इससे पहले अप्रैल 2016 में भारत यात्रा के दौरान भी प्रिंस विलियम और केट ने सचिन के साथ क्रिकेट खेला था। करीब दस साल बाद तीनों एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर साथ नजर आए।

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन की भारत यात्रा 16 से 18 नवंबर तक निर्धारित है। इस यात्रा का प्रमुख आयोजन 17 नवंबर को मुंबई में होने वाला छठा अर्थशॉट पुरस्कार समारोह है। प्रिंस विलियम की ओर से 2020 में शुरू की गई यह पहल पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान पर काम करने वाली परियोजनाओं को प्रोत्साहित करती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User