देश: आंगनवाड़ी के ग्रोथ चार्ट में बड़ी खामी, 75 लाख बच्चे सामान्य वजन के बावजूद सामान्य श्रेणी से बाहर; 2009 से लागू हैं WHO के मानक

Monday, November 16, 2026 - 13:24
0
देश: आंगनवाड़ी के ग्रोथ चार्ट में बड़ी खामी, 75 लाख बच्चे सामान्य वजन के बावजूद सामान्य श्रेणी से बाहर; 2009 से लागू हैं WHO के मानक

देशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के वजन की निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ग्रोथ चार्ट में एक गंभीर तकनीकी खामी सामने आई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के बुलेटिन में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, करीब 75 लाख बच्चों का वजन WHO के मानकों के मुताबिक सामान्य श्रेणी में आता है, लेकिन मौजूदा आंगनवाड़ी ग्रोथ चार्ट में उन्हें सामान्य श्रेणी से बाहर दिखाया जा सकता है। यह समस्या चार्ट में सामान्य वजन की ऊपरी सीमा को सही तरीके से प्रदर्शित नहीं किए जाने के कारण सामने आई है।

शोधकर्ताओं ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (NFHS-5) के तहत 2,09,043 बच्चों के वजन से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया। इनमें से 24,888 बच्चे यानी करीब 11.9 प्रतिशत ऐसे पाए गए, जिनका वजन WHO के अनुसार सामान्य था, लेकिन वे आंगनवाड़ी के ग्रोथ चार्ट में निर्धारित सामान्य श्रेणी से ऊपर दिखाई देते हैं। इस अनुपात के आधार पर देश में नियमित रूप से वजन की निगरानी कराने वाले करीब 6.3 करोड़ बच्चों में से लगभग 75 लाख बच्चों के प्रभावित होने का अनुमान लगाया गया है।

क्या है ग्रोथ चार्ट में खामी?

शोध के मुताबिक, आंगनवाड़ी केंद्रों पर इस्तेमाल होने वाले वजन-आयु ग्रोथ चार्ट में सामान्य वृद्धि दर्शाने वाला हरा हिस्सा औसत स्तर यानी मीडियन तक ही सीमित है। जबकि WHO के मानकों के अनुसार मीडियन से दो मानक विचलन (Standard Deviation) ऊपर तक का वजन भी सामान्य श्रेणी में आता है। इस ऊपरी हिस्से को चार्ट में सामान्य क्षेत्र के रूप में नहीं दिखाया गया है। परिणामस्वरूप, सामान्य वजन वाले कुछ बच्चों को भी चार्ट पर सामान्य श्रेणी से बाहर देखा जा सकता है।

भारत ने 2009 में अपनाए थे मानक

भारत ने वर्ष 2008 में WHO के नए बाल विकास मानकों को अपनाने की प्रक्रिया शुरू की थी और 15 अगस्त 2008 से आंगनवाड़ी केंद्रों पर इन ग्रोथ चार्ट के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए थे। बाद में ये मानक बच्चों की पोषण स्थिति की निगरानी का हिस्सा बने। शोधकर्ताओं ने बताया कि मौजूदा चार्ट में सामने आई खामी लंबे समय से बनी हुई है।

मां-बच्चा सुरक्षा कार्ड पर भी यही चार्ट

शोध में यह भी बताया गया है कि इसी तरह का ग्रोथ चार्ट मां-बच्चा सुरक्षा कार्ड में भी इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में इसका प्रभाव केवल आंगनवाड़ी केंद्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान परिवारों को दी जाने वाली जानकारी पर भी पड़ सकता है। शोधकर्ताओं के अनुसार, चार्ट की गलत व्याख्या से सामान्य वृद्धि वाले बच्चों के परिवारों को अनावश्यक चिंता या सलाह का सामना करना पड़ सकता है।

चार्ट में सुधार की सिफारिश

शोधकर्ताओं ने सुझाव दिया है कि ग्रोथ चार्ट में हरे रंग की सामान्य श्रेणी को मीडियन से बढ़ाकर +2 SD तक किया जाए। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को संशोधित चार्ट के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाए। भारत में बच्चों के लिए नए विकास मानक तैयार करने की प्रक्रिया भी चल रही है, लेकिन शोधकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा चार्ट की खामी को दूर करने के लिए नई व्यवस्था लागू होने का इंतजार जरूरी नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User