रेलवे: जनकपुर और अयोध्या के बीच चलेगी साप्ताहिक ट्रेन, 604 किलोमीटर का होगा सफर; जानें पूरा रूट और ठहराव
भारतीय रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है। करीब 604 किलोमीटर लंबी यह रेल सेवा रामायण परंपरा से जुड़े दो प्रमुख धार्मिक स्थलों को सीधे जोड़ेगी। इससे भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के लिए दोनों शहरों के बीच यात्रा आसान होने की उम्मीद है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के बीच संचालित होगी। रास्ते में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। इसके व्यावसायिक ठहराव जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में होंगे। इसके अलावा ट्रेन अपने दोनों टर्मिनल स्टेशनों पर भी रुकेगी।
यह सेवा सप्ताह में एक दिन चलेगी। जनकपुर धाम से ट्रेन शनिवार को रवाना होगी, जबकि अयोध्या कैंट से वापसी की यात्रा सोमवार को शुरू होगी। हालांकि, नियमित व्यावसायिक संचालन शुरू होने की तारीख, विस्तृत समय-सारिणी और किराये की जानकारी अभी घोषित नहीं की गई है।
रेलवे का मानना है कि इस सेवा से जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा शिक्षा, कारोबार और पारिवारिक यात्राओं के लिए सीमा पार आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। दोनों देशों के बीच रेल संपर्क मजबूत होने से रास्ते में पड़ने वाले क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में मान्यता प्राप्त है। ऐसे में यह रेल सेवा दोनों धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले रामायण पर्यटन सर्किट के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)