पश्चिम बंगाल में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी में कार्यकर्ता के पति की मौत, विधायक रत्ना देवनाथ बोलीं- ‘पार्टी सत्ता में नहीं आई होती तो बेहतर था’
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में भाजपा की अंदरूनी खींचतान के बीच एक कार्यकर्ता के पति अरूप साहा की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि शनिवार शाम पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के दौरान अरूप के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। गंभीर हालत में उन्हें सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अरूप साहा भाजपा की पानीहाटी-1 मंडल सचिव रूमा साहा के पति थे। रूमा के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक स्थानीय कारोबारी के साथ कथित मारपीट की घटना से हुई। उन्होंने इसका विरोध किया तो कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ अभद्रता की। बाद में जब वह अपने पति के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचीं, तो वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। रूमा का आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उनके पति को धक्का दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद पानीहाटी की भाजपा विधायक रत्ना देवनाथ शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचीं। परिवार को सांत्वना देते समय वह भावुक हो गईं और रो पड़ीं। उन्होंने पार्टी के भीतर बढ़ती गुटबाजी और संगठनात्मक व्यवस्था पर सवाल उठाए। विधायक ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए कुछ नए कार्यकर्ताओं के कारण क्षेत्र में तनाव और विवाद बढ़ रहे हैं।
घटना से नाराज रत्ना देवनाथ ने पार्टी की सत्ता में वापसी को लेकर भी निराशा जताई। उन्होंने कहा, “देखने-सुनने के बाद लग रहा है कि शायद पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में नहीं आई होती तो ही बेहतर होता।” उनके इस बयान ने पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया है।
विधायक ने जिला नेतृत्व पर भी आरोप लगाए और कहा कि स्थानीय स्तर पर नियुक्तियों तथा कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की कमी के कारण विवाद बढ़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)