कानपुर: ढाई लाख गणेश-लक्ष्मी प्रतिमाओं का विधि-विधान से भू-विसर्जन, गंगा आरती और आतिशबाजी के साथ संपन्न हुआ आयोजन

Sunday, November 15, 2026 - 23:00
0
कानपुर: ढाई लाख गणेश-लक्ष्मी प्रतिमाओं का विधि-विधान से भू-विसर्जन, गंगा आरती और आतिशबाजी के साथ संपन्न हुआ आयोजन

कानपुर के परमट स्थित कालीघाट में रविवार को करीब ढाई लाख पूजित गणेश-लक्ष्मी प्रतिमाओं का विधि-विधान से भू-विसर्जन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था को जोड़ने वाली इस पहल के तहत शहर के 80 संग्रहण शिविरों से प्रतिमाएं एकत्र की गई थीं। पुजारी संतोष शुक्ला ने धार्मिक विधियों के साथ पूजन संपन्न कराया। इसके साथ ही पांचवें मूर्ति विसर्जन पर्व का समापन हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मां गंगा आरती परिवार की ओर से आचार्य कालीचरण दीक्षित और उनकी टीम ने गंगा आरती की। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए।

जिलाधिकारी ने इस पहल को जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सहयोग से शहर के 55 घाटों पर भू-विसर्जन के लिए गड्ढे तैयार कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोग पूजित प्रतिमाओं का सम्मानपूर्वक विसर्जन कर सकें।

एमएलसी अरुण पाठक ने कहा कि ढाई लाख प्रतिमाओं का संग्रहण बड़ी संख्या में परिवारों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की पहल है। विधायक अमिताभ बाजपेई ने भी इस अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही, जबकि एमएलसी सलिल विश्नोई ने विभिन्न घाटों पर भू-विसर्जन की व्यवस्था के लिए अपनी निधि से सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अभियान का उद्देश्य घरों में सालभर पूजी जाने वाली गणेश-लक्ष्मी प्रतिमाओं को इधर-उधर छोड़ने के बजाय सम्मानपूर्वक विसर्जित करना और नदियों तथा जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User