दिवाली से पहले आगरा की हवा हुई बेहद जहरीली, शहीद नगर में AQI 410 और टेढ़ी बगिया में 406; सड़कों की खुदाई से बढ़ा प्रदूषण

Thursday, November 5, 2026 - 13:33
0
दिवाली से पहले आगरा की हवा हुई बेहद जहरीली, शहीद नगर में AQI 410 और टेढ़ी बगिया में 406; सड़कों की खुदाई से बढ़ा प्रदूषण

आगरा। दीपावली से पहले ताजनगरी की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। शहर में सड़कों की खुदाई और निर्माण कार्यों से उड़ रही धूल के कारण वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। आगरा स्मार्ट सिटी के सेंसरों के अनुसार बुधवार को शहर के 26 प्रमुख चौराहों पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब और गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। शहीद नगर में सबसे अधिक 410 और टेढ़ी बगिया में 406 एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) दर्ज किया गया।

मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत शहर में चल रहे सड़क निर्माण और खुदाई के कार्यों से बड़ी मात्रा में धूल उड़ रही है। इसके चलते वातावरण में पीएम-2.5 और पीएम-10 जैसे सूक्ष्म प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ रही है। स्मार्ट सिटी के आंकड़ों में मीरा हुसैनी चौराहे पर 350, राजेश्वर मंदिर पर 332, छीपीटोला में 327, राजामंडी में 325, तेज नगर में 322 और सिकंदरा चौराहे पर 321 एक्यूआई दर्ज किया गया।

वहीं, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों में बुधवार को आगरा का औसत एक्यूआई 174 रहा। संजय प्लेस क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा और यहां एक्यूआई 3 नवंबर के 169 से बढ़कर 236 पहुंच गया। क्षेत्र में पीएम-2.5 का अधिकतम स्तर 323 और पीएम-10 का स्तर 409 दर्ज किया गया। दूसरी ओर फतेहपुर सीकरी में एक्यूआई 213 से घटकर 163 रहा।

बढ़ते प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार धूल के बारीक कणों के संपर्क में आने से आंखों में जलन, खुजली, पानी आने और गले में खराश जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं। सांस संबंधी बीमारियों और अस्थमा से पीड़ित लोगों को सीने में जकड़न, भारीपन और खांसी की परेशानी हो रही है। अस्पताल की ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ने की जानकारी भी सामने आई है।

दीपावली से पहले निर्माण कार्यों, वाहनों से निकलने वाले धुएं और धूल के कारण प्रदूषण की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है। विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। शहर में निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय और नियमित पानी का छिड़काव प्रदूषण कम करने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User